जिलाधिकारी की जनसुनवाई में कुल 15 लोगों ने अपने मामलों का कराया निष्पादन
जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव ने आज अपने कार्यालय कक्ष में संध्या 5:00 बजे से जन सुनवाई की जिसमें कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकांश आवेदन भूमि विवाद से संबंधित थे। जनसुनवाई के दौरान संबंधित अंचल अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जरूरी निर्देश दिए गए एवं मामलों के शीघ्र निष्पादन कर इसका प्रतिवेदन मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
संग्रामपुर अंचल के हरिशंकर प्रसाद यादव का मामला अतिक्रमण से संबंधित था। उनके खेत में जाने का रास्ता अवरुद्ध किया गया था। अंचलाधिकारी से पूछने पर बताया गया वह रास्ता सरकारी जमीन है। जिलाधिकारी के द्वारा तुरंत नापी कराकर रास्ता खाली कराने का निर्देश अंचल अधिकारी संग्रामपुर को दिया गया।
सुगौली अंचल के लक्ष्मीपुर के शीतल सहनी और लक्ष्मी सहनी का मामला जबरदस्ती जमीन पर कब्जा कर लेने से संबंधित था। इसके बारे में जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी सुगौली से पूछताछ की। अंचल अधिकारी के द्वारा बताया गया कि यह रैयती जमीन है। इन लोगों के बीच आपसी विवाद है। जिलाधिकारी के द्वारा जमीन का खाता खेसरा मिलान कर शीघ्र प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
चकिया अंचल के रमेश शाह का मामला पाटीदार के द्वारा जमीन पर जबरदस्ती कब्जा करने से संबंधित था। जिलाधिकारी के द्वारा अंचल अधिकारी चकिया से इसकी जानकारी प्राप्त की गई और इस संबंध में कागजात की जांच कर तुरंत प्रतिवेदन की मांग की गई।
मधुबन अंचल के संजय पांडे का मामला दाखिल खारिज से संबंधित था।जिलाधिकारी के पूछने पर अंचल अधिकारी के द्वारा बताया गया कि यह केस नंबर 287 से संबंधित है। इसका स्पॉट वेरिफिकेशन कर लिया गया है। मामला आपत्ति में है। जांच कर कल इस पर आर्डर पारित कर दिया जाएगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar