जमुई: जंगल में मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश, 03 गिरफ्तार
जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जा पाठकचक के नहर पार जंगल में पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। मामले में तीन आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है। साथ ही मौके से दो जिंदा कारतूस, ड्रिल मशीन समेत अवैध हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और सामग्री बरामद की गई है। यह कामयाबी चोरी के कांड में पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ के बाद पुलिस को मिली है। उक्त जानकारी बुधवार की दोपहर बाद 3:00 बजे SP विश्वजीत दयाल ने दी है।
उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर 2026 को सिकंदरा थाना कांड संख्या 283/2026 के तहत दर्ज चोरी के मामले में संदिग्ध छोटू पासवान उर्फ टीनू कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर डीआईयू तथा सिकंदरा थाने की पुलिस ने मिर्जा पाठकचक के नहर पार जंगल में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां अवैध रूप से हथियार बनाने का काम किए जाने का खुलासा हुआ और
पुलिस ने इस मामले में छोटू पासवान उर्फ टीनू कुमार, मिनी गन फैक्ट्री के कथित संचालक जमशेद अली उर्फ तौफीक मलिक और उसके सहयोगी डब्लू कुमार को गिरफ्तार किया है। छोटू पासवान उर्फ टीनू कुमार मिर्चा गांव का निवासी है। वहीं, जमशेद अली उर्फ तौफीक मलिक आमीन गांव और डब्लू कुमार मिर्चा गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हथियार निर्माण से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में जानकारी मिली है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और संभावित आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनों, औजारों और अन्य सामग्री को जब्त किया है। बरामद सामान में दो जिंदा कारतूस (.315 बोर), एक ड्रिल मशीन, एक हैंड बेस, एक मैगजीन फार्मा, 12 साइकिल फार्मा, पांच गोल रेती, एक मैगजीन स्प्रिंग, तीन चदरा, 12 हैक्सा ब्लेड, पांच वायरल स्प्रिंग और तीन ड्रिल बिट शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में छोटे-छोटे उपकरण और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
एसपी के अनुसार, पूछताछ के दौरान हथियार निर्माण से जुड़े लोगों के मुंगेर से संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जानकारी और अन्य लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर मिनी गन फैक्ट्री के नेटवर्क, हथियार निर्माण के उद्देश्य और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। #jamui #jamuiPolice #crime #police
Jamui, Jamui | Oct 21, 2026