सरकारी भूमि पर अवैध खेती का आरोप, किसान ने पुलिस से लगाई गुहार
#हरदोई। थाना टड़ियावां क्षेत्र के ग्राम डड़वानी मजरा सरदापुर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर सिंघाड़े की खेती किए जाने और फसल काटकर बेचने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन अवध राजू गुप्ता संगठन के जिला उपाध्यक्ष राजन अवस्थी ने थाना प्रभारी टड़ियावां को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता भानू लाल पुत्र हिम्मा निवासी ग्राम डड़वानी मजरा सरदापुर ने आरोप लगाया है कि गांव की कई सरकारी भूमियों, जिनमें गाटा संख्या 795 मि., 232 मि., 309 मि., 329 मि., 456 मि. और 317 मि. सहित अन्य गाटे शामिल हैं, पर अवैध कब्जा कर सिंघाड़े की खेती की जा रही है। आरोप है कि फसल काटकर बिक्री भी की जा रही है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि स्थानीय लेखपाल को भी मामले की जानकारी दी गई है। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सिंघाड़े की फसल की कटाई और बिक्री पर रोक लगाई जाए तथा मामले की जांच कर सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। साथ ही सरकारी जमीन से होने वाली आय को सरकारी खाते में जमा कराने की मांग की गई है।
वहीं, मामले में पक्ष जानने के लिए प्रभारी निरीक्षक टड़ियावां के सीयूजी नंबर पर फोन किया गया, लेकिन किसी कारणवश फोन नहीं लग सका।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Nov 28, 2026