*जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में स्वच्छता योजनाओं की समीक्षा, जिला पदाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश*
================
सारण,11 सितंबर 2026
================
जिला पदाधिकारी, सारण *श्री* *वैभव श्रीवास्तव* की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रखंड एवं पंचायतवार समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट (UC) की प्रखंडवार स्थिति की समीक्षा के क्रम में छपरा सदर प्रखंड में सर्वाधिक यूसी लंबित पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने छपरा सदर के अंचल अधिकारी को लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई कर इसके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। वहीं रिविलगंज प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि पंचायत सचिव, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं संबंधित मुखिया के साथ बैठक कर लंबित भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित कराएं तथा इसके उपरांत यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।बैठक में पंचायतों में कचरा उठाव के लिए संचालित ई-रिक्शा के रख-रखाव एवं मरम्मत की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ई-रिक्शा के रिपेयर एवं मेंटेनेंस के लिए 15वीं/16वीं वित्त आयोग अथवा अन्य नियमानुसार उपलब्ध वित्तीय मद से भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कचरा संग्रहण का कार्य निर्बाध रूप से चलता रहे।
वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट के निर्माण एवं संचालन की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट के नियमित एवं प्रभावी संचालन के संबंध में सैनिटेशन सुपरवाइजर की भूमिका एवं कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को निर्देशित किया कि संबंधित एजेंसियों/पक्षकारों को विधिवत नोटिस निर्गत कर आवश्यक सुनवाई की प्रक्रिया पूरी करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पंचायतों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यूजर चार्ज के संग्रहण की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर यूजर चार्ज कलेक्शन की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, जिससे स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के संचालन में पंचायतों की भूमिका और अधिक सुदृढ़ हो सके।
बैठक के अंत में विभिन्न पंचायतों में शौचालय निर्माण की प्रगति की भी जानकारी प्राप्त की गई। निर्मित शौचालयों का आवश्यकतानुसार जियो-टैगिंग सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही पंचायतों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु निर्देश दिया गया कि कचरा उठाव के लिए संचालित ई-रिक्शा प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से कम-से-कम एक से दो बार अवश्य भ्रमण करें, ताकि घर-घर से कचरे का नियमित संग्रहण सुनिश्चित हो और पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं एवं गतिविधियों की नियमित निगरानी करने, लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पंचायत स्तर पर स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को प्रभावी एवं सतत बनाए रखने का निर्देश दिया
Saharsa, Bihar | Sep 11, 2026