*स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की डीएम ने की समीक्षा*
*एमसीडी स्क्रीनिंग का लक्ष्य बढ़ाने, अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता एवं रेफरल मामलों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने का निर्देश*
=================
छपरा, 11 सितंबर 2026
=================
जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रखंडवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमसीडी (Non-Communicable Diseases) स्क्रीनिंग, अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, रेफरल केस, संस्थागत प्रसव, ऑनलाइन कंसल्टेशन सहित विभिन्न स्वास्थ्य मानकों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने *एमसीडी स्क्रीनिंग की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए लक्ष्य को पुनरीक्षित करने तथा 15 सितंबर तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने* का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग अभियान को सरकारी परिसरों के साथ-साथ बाजार क्षेत्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों तक विस्तारित किया जाए तथा लोगों की चार प्रमुख स्वास्थ्य मानकों पर जांच सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्क्रीनिंग टीमों को *प्रातःकाल में क्षेत्र भ्रमण कर स्क्रीनिंग करने* का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपने दैनिक कार्य एवं खेती-किसानी के लिए निकलने से पहले स्वास्थ्य जांच करा सकें। उन्होंने क्षेत्र-आधारित एवं समयबद्ध अभियान चलाकर स्क्रीनिंग की उपलब्धि में सुधार लाने पर जोर दिया।
बैठक में प्रखंडवार अस्पतालों में *दवाओं की उपलब्धता एवं निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाओं के बेंचमार्क* की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने दवाओं की उपलब्धता की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि दवा की उपलब्धता की प्रतिदिन गैप मॉनिटरिंग की जाए। प्रत्येक अस्पताल में आवश्यक दवाओं की वास्तविक उपलब्धता की दैनिक समीक्षा करते हुए जहां भी कमी पाई जाए, उसे तत्काल दूर करने का निर्देश दिया गया।
*रेफरल केस की ऑनलाइन एंट्री* की प्रखंडवार समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने डीपीएम को निर्देश दिया कि ऑनलाइन दर्ज आंकड़ों का संबंधित रजिस्टर से नियमित मिलान कराया जाए, ताकि ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आंकड़ों में पूर्ण समानता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने रेफरल के कारणों की भी समीक्षा की तथा मरीजों को किन परिस्थितियों में रेफर किया जा रहा है, इसकी जानकारी प्राप्त की।
जिला पदाधिकारी ने सभी *एमओआईसी एवं डीसीएम को प्रत्येक रेफरल केस की अनिवार्य रूप से ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित* करने का निर्देश दिया। साथ ही डीपीएम एवं संबंधित पदाधिकारियों को सभी संबंधित कर्मियों के साथ बैठक कर रेफरल एंट्री का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा।
बैठक में *संस्थागत प्रसव एवं ऑनलाइन कंसल्टेशन* सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य महत्वपूर्ण मानकों की भी प्रखंडवार समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए संस्थागत प्रसव में अपेक्षित वृद्धि होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अगली समीक्षा बैठक तक *संस्थागत प्रसव के आंकड़ों में स्पष्ट एवं संतोषजनक वृद्धि दिखाई देनी चाहिए।*
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की *नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग, आंकड़ों की शुद्धता, अस्पतालों में दवाओं एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम उपयोग* सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Saharsa, Bihar | Sep 11, 2026