📰 हिम दृष्टि टीवी चंबा
बेटे गगनदीप की तलाश को लेकर मां ने उपायुक्त से लगाई गुहार, निष्पक्ष जांच की मांग
चंबा, 8 सितंबर 2026। ग्राम पंचायत कियाणी के गांव दम्मई की निवासी साविका पत्नी हितेश कुमार ने अपने पुत्र गगनदीप की तलाश करवाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर उपायुक्त चंबा को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
प्रार्थना पत्र में महिला ने बताया कि करीब एक माह पूर्व पटेल पुल के समीप एक व्यक्ति द्वारा उसके पुत्र को रावी नदी में फेंके जाने की घटना उसके संज्ञान में आई थी। महिला के अनुसार, उसके पति हितेश कुमार का कहना है कि गगनदीप को रावी नदी में फेंक दिया गया है, लेकिन महिला को इस बात पर संदेह है कि उसके पुत्र को कहीं छिपाया गया हो सकता है।
महिला ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए क्वार्टर पटेल नामक स्थान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करवाई जाए। साथ ही घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जाए, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
प्रार्थना पत्र में महिला ने यह भी बताया कि घटना के समय ममता नाम की एक लड़की उसके पति के साथ थी। महिला ने ममता, उसकी माता और भाई से भी पूछताछ करवाने की मांग की है। इसके अलावा उसने अपने पति के पास मौजूद बताए गए मोबाइल सिम नंबर 9459170000, 8303750001 और 9816537436 के कॉल रिकॉर्ड की जांच करवाने का अनुरोध किया है।
महिला का कहना है कि घटना को लगभग एक माह बीत जाने के बावजूद उसके पुत्र गगनदीप के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। उसने प्रशासन और पुलिस से जल्द से जल्द गगनदीप की तलाश करवाने तथा यदि मामले में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र की एक प्रति पुलिस अधीक्षक चंबा को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
नोट: प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोप महिला के कथन/शिकायत पर आधारित हैं। मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
#Dc #Chamba #Himachal #Pradesh #post highlight
Chamba, Chamba | Sep 8, 2026