बड़ग्रां में आयुष विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट का सराहनीय प्रयास
103 लोगों का स्वास्थ्य जांचा, दुर्गम क्षेत्र में घर-द्वार के नजदीक पहुंचीं आयुष स्वास्थ्य सेवाएं
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा, 7 सितंबर 2026
जनजातीय क्षेत्र भरमौर की तहसील भरमौर के दुर्गम गांव बड़ग्रां में आयुष विभाग चंबा की मोबाइल मेडिकल यूनिट ने एकदिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को घर-द्वार के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाईं। शिविर के दौरान कुल 103 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिता शर्मा के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित शिविर में 23 लोगों के शुगर टेस्ट और 11 लोगों के हीमोग्लोबिन टेस्ट किए गए। इसके अलावा ग्रामीणों के रक्तचाप (बीपी) की भी जांच की गई।
मोबाइल मेडिकल यूनिट के चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच के बाद लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार आयुर्वेदिक दवाइयां वितरित कीं। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। ग्रामीणों को योग के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए विभिन्न योगासन करवाए गए तथा आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित आईईसी सामग्री भी वितरित की गई।
दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उद्देश्य
जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिता शर्मा ने कहा कि आयुष विभाग का मुख्य उद्देश्य जिले के दुर्गम एवं दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ऐसे क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को समय पर जांच, उपचार, दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता मिल सके।
शिविर में डॉ. राजिंदर ठाकुर, डॉ. प्रदीप ठाकुर, आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारी दलीप जरयाल, अविनाश सोनी तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पवन कुमार ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर को सफल बनाने में उपमंडलीय भरमौर आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयुष विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा जिले के दुर्गम एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर “स्वास्थ्य सेवाएं घर-द्वार” की भावना को साकार करने का प्रयास लगातार जारी है।
Chamba, Chamba | Sep 7, 2026