वन विभाग के सहयोग से घुटनू में रोपे 700 पौधे
सर्वांगीण कृषि समाधान फाउंडेशन एवं खब्बी धार पर्यटन विकास संगठन की पर्यावरण संरक्षण की पहल
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा, 7 सितंबर।
विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत बैल्ली के गांव घुटनू में पर्यावरण संरक्षण को लेकर रविवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्वांगीण कृषि समाधान फाउंडेशन एवं खब्बी धार पर्यटन विकास संगठन ने वन विभाग चंबा और भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में करीब 80 लोगों ने भाग लेकर 700 पौधे रोपे।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य राज सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि, जबकि भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक हिमपत वर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस दौरान वान, अमला, देवदार, दाड़ू और कचनार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति स्थानीय लोगों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बैल्ली की प्रधान पम्मी देवी, उपप्रधान प्रकाश, सर्वांगीण कृषि समाधान फाउंडेशन के राज्य समन्वयक विजय ठाकुर, जिला समन्वयक तिलक राज, खब्बी धार पर्यटन विकास संगठन के प्रधान राकेश ठाकुर, वन विभाग से वन रक्षक ओम प्रकाश शर्मा, वन रक्षक विनोद राठौर, वन मित्र शीतल कुमारी, बन्नी माता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
पौधों की देखभाल के लिए 21 हजार रुपये की सहयोग राशि
जिला परिषद सदस्य राज सिंह ठाकुर ने फाउंडेशन को 21 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि घुटनू में 700 पौधे रोपित करना और करीब 80 लोगों का पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचाना ही भविष्य बचाना है।
उन्होंने बताया कि सहयोग राशि पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और देखभाल के लिए प्रदान की जा रही है।
भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक हिमपत वर्मा ने कहा कि बैंक अपने सामाजिक दायित्व के तहत पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में हमेशा सहयोग करता रहा है। उन्होंने इस अभियान का हिस्सा बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
सर्वांगीण कृषि समाधान फाउंडेशन के राज्य समन्वयक विजय ठाकुर ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें जीवित रखना और उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करना है।
वहीं, खब्बी धार पर्यटन विकास संगठन के प्रधान राकेश ठाकुर ने संगठन की ओर से पर्यटन विकास को लेकर किए जा रहे कार्यों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी पौधों की देखभाल और संरक्षण में सहयोग देने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी सफल होगा, जब पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाए।
Chamba, Chamba | Sep 7, 2026