समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 31 अगस्त 2026
जिला समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की हुई समीक्षा
आज दिनांक 31 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी, बक्सर श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राजस्व कार्यों की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद ई-म्यूटेशन के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। इस संबंध में इटाढ़ी, राजपुर, नावानगर, चक्की, चौगाई, चौसा एवं ब्रह्मपुर के अंचलाधिकारियों से कारण-पृच्छा करते हुए अगले आदेश तक वेतन स्थगित रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही, एक सप्ताह के अंदर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
परिमार्जन प्लस के कार्यों की समीक्षा के दौरान बक्सर अंचल में प्रगति काफी धीमी पाई गई। पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर अंचलाधिकारी, बक्सर से कारण-पृच्छा करते हुए अगले आदेश तक वेतन स्थगित रखने का निर्देश दिया गया।
राजस्व महाअभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा के दौरान भी अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई। पूर्व की कई बैठकों में सभी अंचलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाने के बावजूद प्रगति असंतोषजनक पाई गई। इस संबंध में अपर समाहर्ता, बक्सर को कार्य में लापरवाही बरतने वाले अंचलाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
पंचायत विकास दिवस की समीक्षा के क्रम में जानकारी प्राप्त हुई कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले शिविर में संबंधित पदाधिकारी उपस्थित नहीं हो रहे हैं, जिसके कारण शिविर के उद्देश्य की पूर्ति प्रभावित होने की संभावना है। इस पर अनुपस्थित पदाधिकारियों से कारण-पृच्छा करने का निर्देश उप विकास आयुक्त, बक्सर को दिया गया। साथ ही, शिविर में सभी संबंधित पदाधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
पंचायत सहयोग शिविर की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले शिविरों के संबंध में आयोजन से पूर्व स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण आमजन को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में सभी नोडल पदाधिकारियों एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिविर के आयोजन से पूर्व जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराएं।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को सभी विद्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही, दीपावली पर्व तक सभी विद्यालयों की दीवारों एवं कमरों में रंग-रोगन का कार्य पूर्ण कराने तथा प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को अनिवार्य रूप से शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित कराने का निर्देश दिया गया।
विगत दिनों निरीक्षण के क्रम में अनुमंडलीय अस्पताल, डुमरांव जाने वाले मार्ग पर सड़क मरम्मत हेतु सड़क के किनारे ईंट रखे पाए गए थे, जिसके कारण आवागमन करने वाले वाहनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था तथा दुर्घटना की संभावना भी बनी हुई थी। पूर्व की बैठक में भी ईंट की सोलिंग कर रोलर के माध्यम से समतलीकरण कराने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद संबंधित कार्य में अपेक्षित रुचि नहीं लेने पर अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरांव को संबंधित सहायक अभियंता, कनीय अभियंता के विरुद्ध न्यायसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बक्सर नगर परिषद अंतर्गत बाईपास सड़क की मरम्मत के संबंध में कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, बक्सर को तत्काल सड़क का समतलीकरण कराने तथा वन विभाग से समन्वय स्थापित कर अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करते हुए उक्त सड़क के चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
लोक शिकायत निवारण के अंतर्गत अतिक्रमण से संबंधित पारित आदेशों के आलोक में कार्रवाई सुनिश्चित कराने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमरांव को संबंधित अंचलाधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा कर अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
जिला कृषि पदाधिकारी बक्सर को कृषक निबंधन से संबंधित निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सभी अंचलाधिकारियों एवं अनुमंडल पदाधिकारियों, बक्सर एवं डुमरांव को नियमित रूप से तटीय इलाकों की निगरानी करने तथा आवश्यक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत सभी टीबी मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमरांव को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans CMO Bihar जिला प्रशासन बक्सर Information & Public Relations Department, Government of Bihar Samrat Choudhary Buxar Administration Buxar Police #IPRDBihar #BuxarNews #buxarcity #bihar #buxarjila #buxar
5 views | Buxar, Bihar | Aug 31, 2026