
मुरैना पुलिस में दो उपनिरीक्षकों को मिली पदोन्नति, तीसरा स्टार लगाकर बनाया निरीक्षक
मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पुलिस बल के दो उपनिरीक्षकों को तीसरा स्टार लगाकर निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया।
पदोन्नत होने वालों में उपनिरीक्षक जितेन्द्र शर्मा, थाना कैलारस और उपनिरीक्षक शिवानी जादौन, थाना स्टेशन रोड शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने दोनों अधिकारियों को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी धर्मराज मीना ने कहा कि पदोन्नति केवल पद बढ़ने का प्रतीक नहीं है, बल्कि इसके साथ नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी भी बढ़ती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों निरीक्षक अपने अनुभव और कार्यकुशलता के जरिए कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर योगदान देंगे।
एसपी ने अधिकारियों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पुलिस विभाग की गरिमा और जनविश्वास को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में निरीक्षक (अ)/वरिष्ठ शीघ्रलेखक गुलाब खरे, सूबेदार (अ)/शीघ्रलेखक जय कुमार अरोरा सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पदोन्नत निरीक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
#मुरैना #morena #पुलिस #प्रमोशन