बच्चों को भा गई कलेक्टर की सहजता, दरी पर बैठकर चेक किया होमवर्क, सवाल भी पूछे👇
मुरैना। जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने ग्राम पंचायत खाण्डोली के कोक सिंह का पुरा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर जांगिड़ कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के बीच दरी पर बैठकर उनकी कॉपियां और होमवर्क देखने लगे। उन्होंने बच्चों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे और उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई में आ रही कठिनाइयों के संबंध में भी चर्चा की तथा नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और गृहकार्य समय पर पूरा करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने विद्यालय में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में पेयजल, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का भी अवलोकन किया।
कलेक्टर ने विद्यालय में अंकुर पुस्तक की उपलब्धता, शिक्षकों की नियुक्ति एवं उनकी उपस्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रारंभिक स्तर पर बच्चों की मजबूत शैक्षणिक नींव तैयार करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों को प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की प्रगति पर विशेष ध्यान देने, नियमित मूल्यांकन करने तथा अभिभावकों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छ, सुरक्षित एवं पढ़ाई के अनुकूल वातावरण बनाए रखने तथा शासन की शैक्षणिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।