
गुरु अर्जन देव शहीदी दिवस कल: गुरुद्वारा सिंधु नगर में धार्मिक दीवान, रक्तदान शिविर व छबील सेवा
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी) सिक्ख पंथ के पांचवें गुरु साहिब श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के पावन शहीदी दिवस पर गुरुवार, 18 जून को गुरुद्वारा गुरुनानक सभा, सिंधु नगर में श्रद्धा, सेवा और समर्पण से जुड़े विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर अखंड पाठ के भोग, कीर्तन दीवान, रक्तदान शिविर, लंगर एवं छबील सेवा का आयोजन होगा।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष इन्द्रपाल सिंह सोनी ने बताया कि शहीदी दिवस को समर्पित पिछले 21 दिनों से चल रहे श्री सुखमनी साहिब पाठ का समापन हो चुका है। वहीं गुरुवार सुबह 8 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे। इसके बाद विशेष कीर्तन दीवान सजेंगे, जिसमें ज्ञानी करनैल सिंह एवं ज्ञानी सुखबीर सिंह गुरुबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु साहिब के त्याग, तपस्या और मानवता के संदेश से अवगत कराएंगे।
कमेटी के सचिव ऋषिपाल सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे सामूहिक अरदास के उपरांत कड़ाह प्रसाद वितरित किया जाएगा। शाम 7.30 बजे से पुनः विशेष कीर्तन दीवान आयोजित होंगे, जिसके बाद स्त्री सत्संग सभा की ओर से गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा।
रक्तदान शिविर में होगी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच
नौजवान सिक्ख संगठन खालसा सेवा संस्थान के गुरप्रीत सिंह ने बताया कि शहीदी दिवस पर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक गुरुद्वारा परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर महात्मा गांधी चिकित्सालय के सहयोग से आयोजित होगा, जिसमें रक्तदाताओं एवं आमजन के लिए ब्लड प्रेशर और शुगर की निःशुल्क जांच भी की जाएगी।
भीषण गर्मी में राहगीरों को मिलेगा शर्बत का सहारा
गुरु अर्जन देव जी के शहीदी पर्व की परंपरा के अनुरूप शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सिक्ख संगत द्वारा ठंडे-मीठे जल (शर्बत) की छबील लगाकर सेवा की जाएगी। गुरुद्वारा सिंधु नगर में भी सुबह 10 बजे से दिनभर श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए शर्बत सेवा जारी रहेगी।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं खालसा सेवा संस्थान ने शहरवासियों से धार्मिक दीवानों में शामिल होकर गुरु साहिब को श्रद्धांजलि अर्पित करने, रक्तदान शिविर में भाग लेने तथा सेवा कार्यों में सहयोग देने की अपील की है।