
बाइक दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
शव गांव पहुंचते ही पसरा मातम, पत्नी और दो बेटियों व एक बेटे का रो-रोकर बुरा हाल
सूर्यपुरा। थाना क्षेत्र के जालहा गांव निवासी 35 वर्षीय सुधीर मौआर की इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार को बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया था। शुक्रवार की शाम शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सुधीर बुधवार को सूर्यपुरा बाजार से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सूर्यपुरा-भालूनी धाम मुख्य पथ पर गांव के सामने उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद गुरुवार को उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सुधीर अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी खुशबू देवी, दो बेटियां और एक बेटा है। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार की शाम बक्सर के रामरेखा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद जालहा गांव में शोक का माहौल है।