
मुरैना में पुराने विवाद में ट्रैक्टर से बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी से मारपीट, 4 आरोपी गिरफ्तार
मुरैना/ जौरा थाना क्षेत्र के ग्राम घूघस में पुराने विवाद को लेकर बाइक सवार दंपती को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर गिराने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और लोहे का सरिया भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को फरियादिया रानी कुशवाह पत्नी राजेन्द्र कुशवाह ने जौरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादिया ने बताया कि 31 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वह अपने परिजनों के साथ मोटरसाइकिल से गांव घूघस जा रही थीं। पार के पुरा से पहले पीपल के पेड़ के पास बृजेश कुशवाह ट्रैक्टर से दिनेश कुशवाह और लाल सिंह कुशवाह के साथ आया। इसी दौरान रणवीर कुशवाह और धर्मेन्द्र कुशवाह भी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे।
आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर बृजेश कुशवाह ने जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर से राजेन्द्र कुशवाह की मोटरसाइकिल में सामने से टक्कर मार दी। बाइक गिरने के बाद दोनों के साथ मारपीट की गई।
फरियादिया की शिकायत पर थाना जौरा में अपराध क्रमांक 373/26, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन और एसडीओपी जौरा नितिन बघेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास जांच करते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
पुलिस को 8 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर चार वांछित आरोपियों बृजेश कुशवाह (32), दिनेश कुशवाह (30), लाल सिंह कुशवाह (45) और धर्मेन्द्र सिंह कुशवाह (25), सभी निवासी ग्राम घूघस, थाना जौरा को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और लोहे का सरिया जब्त किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
#morena #मुरैना #पुलिस