
अमेठी के एथलीटों ने लखनऊ में गाड़ा सफलता का झंडा, एक खिलाड़ी ने जीते तीन गोल्ड; राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम
4वीं यूपी मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अमेठी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, हर्षलता शाही समेत चार खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक।
अमेठी। लखनऊ के खेल मैदान में अमेठी के एथलीटों ने ऐसा दमखम दिखाया कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का नाम चमक उठा। 34वीं उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अमेठी के खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली।
31 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया था।
जिला मास्टर्स एथलेटिक्स संघ अमेठी के सचिव संजय तिवारी के मुताबिक, एचएएल अमेठी की महिला एथलीट हर्षलता शाही ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 800, 1500 और 5000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं भादर निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त कर्मचारी हृदयराम अग्रसर ने 10 हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। मुंशीगंज निवासी संदीप दुबे ने 100 मीटर दौड़ में गोल्ड, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद में कांस्य पदक हासिल किया।
इसके अलावा सोनारी निवासी जिला मास्टर्स एथलेटिक्स संघ के सचिव संजय तिवारी ने ट्रिपल जंप में स्वर्ण और लंबी कूद में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चिरंजीव लाल जायसवाल, कोषाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी आइशा मिश्रा सहित खेल प्रेमियों ने बधाई दी। खिलाड़ियों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई।
Government of UP MYogiAdityanath DM Amethi
Amethi, Amethi | Nov 2, 2026