
300 यूनिट तक मुफ्त बिजली से सरकारी खजाने पर आएगा 47,591 करोड़ का बोझ
लखनऊ समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का वादा किया है। अगर सरकार बनने पर सपा इस वादे को पूरा करती है तो सरकारी खजाने पर 45,591 करोड़ रुपये का बोझ आएगा।
रियायती बिजली और किसानों को मुफ्त बिजली के लिए सरकार तो अभी भी 20,400 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। ऐसे में घोषणा पत्र के वादों की पूर्ति के लिए सरकारी खजाने में से 30-35 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त इंतजाम करना पड़ सकता है।
बिजली क्षेत्र के निजीकरण पर सपा का वादा
सपा ने गुरुवार को जारी घोषण पत्र में बिजली क्षेत्र का निजीकरण नहीं किए जाने का भी वादा किया है। बिजली कर्मचारी संगठनों और राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने इस वादे का स्वागत किया है। उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष और राज्य सलाहकार समिति के सदस्य अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि उपभोक्ता हित में बिजली व्यवस्था सार्वजनिक क्षेत्र में ही रहनी चाहिए। परिषद लंबे समय से सभी राजनीतिक दलों से इसकी मांग करती रही है।
मुफ्त बिजली से सरकारी खजाने पर संभावित बोझ
अवधेश ने कहा कि प्रदेश में लगभग 3 करोड़ 88 लाख 79 हजार 905 बिजली उपभोक्ता हैं, जिनसे कुल प्रस्तावित राजस्व लगभग 89,188 करोड़ रुपये है। 300 यूनिट से ऊपर की खपत वाले बिजली उपभोक्ताओं से प्रस्तावित राजस्व लगभग 5,015 करोड़ रुपये है। ऐसे में अगर प्रदेश में घरेलू उपभोक्ताओं की 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त कर दी जाती है, तो घरेलू श्रेणी का लगभग 34,746 करोड़ रुपये का राजस्व सरकारी खजाने से वहन करना पड़ेगा। इसके साथ ही किसानों के निजी नलकूपों की वर्तमान बिजली सब्सिडी 12,845 करोड़ रुपये जोड़ने पर प्रतिवर्ष लगभग 47,591 करोड़ रुपये का बोझ सरकारी खजाने पर पड़ेगा। अभी किसानों को 140 यूनिट तक हर महीने मुफ्त बिजली मिलती है। सपा ने घोषणा पत्र में अभी किसी सीमा की बात नहीं कही है। ऐसे में किसानों को अगर असीमित मुफ्त बिजली मिलती है तो मौजूदा 12,845 करोड़ रुपये में भी इजाफा हो सकता है।
Hardoi, Hardoi | Nov 26, 2026