
आरोपी की तलाश में गए ASI की बाइक फिसली, मौत:परिवार के साथ दिवाली मनाकर ड्यूटी पर लौटे थे, 6 महीने पहले हुआ था प्रमोशन
.
.
.
झालावाड़ के अकलेरा में बाइक फिसलने से ASI की मौत हो गई। एएसआई सुनील कुमार त्यागी (58) एक आरोपी की तलाश में पगारिया थाना क्षेत्र गए थे। सोमवार रात 10 बजे अकलेरा लौटते समय करावन (पगारिया थाना क्षेत्र) के पास उनकी बाइक बेकाबू होकर फिसल गई। घायल सुनील कुमार को झालावाड़ के SRG हॉस्पिटल लेकर गए, जहां रात 1 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सुनील कुमार करीब 6 महीने पहले ही हेड कॉन्स्टेबल से प्रमोट होकर ASI बने थे। तब उन्हें भालता थाना से अकलेरा में लगाया गया था। वे एक दिन पहले ही परिवार के साथ दिवाली मनाकर ड्यूटी पर लौटे थे। अकलेरा थाना प्रभारी धर्माराम ने बताया- सुनील कुमार अकलेरा थाना में तैनात थे। वे 9 नंवबर की सुबह एक आरोपी की तलाश में और सरकारी काम से 120 KM दूर पगारिया थाना क्षेत्र में गए थे। लौटते समय अकलेरा से 90 किलोमीटर पहले करावन के पास उनकी बाइक गड्ढा बचाने के चक्कर में बेकाबू होकर फिसल गई। सुनील गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पगारिया पुलिस को सूचना दी।सुनील कुमार का परिवार झालावाड़ जिले में रोटरी क्लब हाउसिंग बोर्ड में रहता है। वे अकलेरा में किराए के घर में रहते थे। परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। बेटा रामगंजमंडी (कोटा) में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है, जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। बेटे शुभम ने बताया कि मेरे पिता दीपावली पर घर आए थे। इसके अगले दिन वे ड्यूटी पर अकलेरा लौट गए थे।
#Jhalawarnews
#JhalawarPolice
#jaivardhannews