
विद्यालय निर्माण हेतु 90 वर्षीय वयोवृद्धा ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
.
#हरदोई: शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल के तहत ब्लॉक कोथावां के उमरारी स्थित प्रस्तावित स्वामी सर्वेश्वरानंद सरस्वती शिशु मंदिर के निर्माण हेतु शाहजहांपुर निवासी 90 वर्षीय वयोवृद्धा श्रीमती कमल कुमारी सिंह ने ₹11,000 की सहयोग राशि प्रदान कर विद्यालय निर्माण के लिए अपना आशीर्वाद दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार यादव ने बताया कि शीघ्र ही भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में संस्कारयुक्त, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रसार कर नौनिहालों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है।
विद्यालय प्रबंधक महेंद्र प्रताप सिंह रानू ने कहा कि इस विद्यालय के निर्माण से पूरे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने समाज के सभी सम्मानित नागरिकों से इस पुनीत कार्य में तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मंदिर, कुआं, तालाब और विद्यालय जैसे जनहितकारी निर्माण कार्य समाज के सहयोग से ही पूर्ण होते हैं। विद्यालय हेतु भूमि चिन्हित कर दान कर दी गई है तथा निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए विद्यालय निर्माण की पहल का स्वागत किया।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Jun 2, 2026