देवास में आबकारी विभाग की दबिश, 2800 किलो महुआ लाहन जब्त
15 लीटर हाथ भट्टी शराब भी बरामद, 2.87 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त; पांच प्रकरण दर्ज
देवास। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को सहायक आबकारी आयुक्त द्वारा गठित आबकारी टीमों ने देवास शहर के विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी मात्रा में महुआ लाहन और हाथ भट्टी से बनी शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग की कार्रवाई में 15 लीटर हाथ भट्टी मदिरा के साथ 2800 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 2 लाख 87 हजार रुपये से अधिक बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
आबकारी विभाग के अनुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।