
यूपी में 150 सीटों पर कांग्रेस का दावा, सपा के साथ सीट शेयरिंग पर खींचतान
.
#लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव में 150 सीटों पर दावा ठोककर गठबंधन में अपनी हिस्सेदारी को लेकर बड़ा संदेश दिया है।
कांग्रेस के इस दावे से सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत महत्वपूर्ण हो गई है। कांग्रेस अपने दावे के पीछे 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को आधार बना सकती है। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने यूपी की 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 37 सीटें जीती थीं।
हालांकि, विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन पिछले वर्षों में कमजोर रहा है। वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 22 सीटें जीती थीं, जो घटकर 2022 में महज 2 सीट रह गईं। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस का 150 सीटों पर दावा गठबंधन की सीट शेयरिंग में उसकी रणनीतिक स्थिति को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस के इस दावे पर क्या रुख अपनाती है और दोनों दलों के बीच सीटों का अंतिम फार्मूला किस तरह तय होता है।
#रिपोर्ट: H. Shyam Bajpai | Lucknow
Hardoi, Hardoi | Oct 3, 2026