
नगर निगम से नहीं मिली राहत, लोगों ने चंदा जुटाकर खुद बनानी शुरू कर दी सड़क
बिजली पासी द्वितीय वार्ड की नई बस्ती में बारिश के बाद बन जाता था जलभराव का संकट
लखनऊ। नगर निगम की अनदेखी से परेशान बिजली पासी द्वितीय वार्ड की नई बस्ती (गौरी) के लोगों ने अब खुद अपनी समस्या का समाधान करने की पहल शुरू कर दी है। जलभराव से बदहाल सड़क से निजात पाने के लिए स्थानीय निवासियों ने आपस में चंदा जुटाकर सड़क निर्माण का काम शुरू करा दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली बारिश होते ही सड़क पर इतना पानी भर जाता था कि पूरा रास्ता तालाब में तब्दील हो जाता था। जलभराव के कारण स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती थी, जबकि बुजुर्गों को भी फिसलन और खराब रास्ते के कारण आए दिन मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।
लोगों के मुताबिक, जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम से सड़क पर मलबा डलवाने की मांग की गई थी, लेकिन लंबे समय तक कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार मोहल्ले के लोगों ने आपस में सहयोग कर मिट्टी और निर्माण सामग्री मंगवाई और सड़क को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की है, लेकिन लगातार अनदेखी के चलते उन्हें मजबूरी में अपने स्तर पर यह कदम उठाना पड़ा। लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम अब क्षेत्र की समस्या का स्थायी समाधान करेगा।