पिकनिक पॉइंट पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, ड्रोन से हुई हवाई निगरानी
कासगंज, 10 सितंबर। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार को पिकनिक पॉइंट कासगंज में सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर, सिंचाई विभाग के जेई तथा टीएसआई कासगंज मौजूद रहे।
संयुक्त टीम ने नहर एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनसुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न स्थानों को चिन्हित करते हुए बैरियर एवं बैरिकेडिंग को और अधिक सुदृढ़ करने, आवश्यक स्थानों पर चेतावनी एवं सुरक्षा संबंधी साइन बोर्ड लगाने सहित अन्य जरूरी सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए बिंदु निर्धारित किए गए।
निरीक्षण के दौरान ड्रोन कैमरे के माध्यम से नहर तथा आसपास के क्षेत्र की हवाई निगरानी भी की गई। अधिकारियों ने संभावित जोखिम वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने पर जोर दिया।
संबंधित विभागों को चिन्हित किए गए स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए कार्यवाही प्रस्तावित की गई है, ताकि पिकनिक पॉइंट पर आने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नहर में होने वाली संभावित दुर्घटनाओं पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके।