अपहरण की सूचना से मचा हड़कंप, पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद किया
रोते देख दो बाइक सवारों ने बच्ची को दी थी लिफ्ट, मां के अस्पताल में होने की जानकारी पर 300-400 मीटर दूर उतारा
कासगंज। थाना सहावर क्षेत्र में 10 सितंबर 2026 की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बालिका के दो बाइक सवार युवकों द्वारा अपहरण किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सहावर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि गणेशपुर निवासी महिला अपनी 9 वर्षीय बेटी को पेट में दर्द की शिकायत के चलते डॉक्टर को दिखाने के लिए अस्पताल लेकर आई थी। डॉक्टर द्वारा बच्ची को इंजेक्शन लगाए जाने के बाद वह रोते हुए अस्पताल से बाहर चली गई, जबकि उसकी मां अस्पताल में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए रुक गई।
कुछ देर बाद जब मां ने बच्ची को आसपास नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। बाहर मौजूद लोगों ने बताया कि दो बाइक सवार बच्ची को अपने साथ बैठाकर ले गए हैं। इसके बाद बच्ची के अपहरण की सूचना पुलिस तक पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दो बाइक सवार वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने बच्ची को रोते हुए देखा और उसे घर छोड़ने की बात कहते हुए बाइक पर बैठा लिया। बाइक पर बैठने के बाद बच्ची ने उन्हें बताया कि उसकी मां अस्पताल में रह गई है और उसे वहीं उतारने को कहा।
पुलिस के मुताबिक, बाइक सवारों ने बच्ची को अस्पताल से करीब 300-400 मीटर की दूरी पर ही उतार दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर लिया।
बालिका और उसकी मां से हुई बातचीत तथा बालिका के बयान के आधार पर अब तक अपहरण की पुष्टि नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बाइक सवारों ने बच्ची को रोते हुए देखकर मदद की नीयत से बाइक पर बैठाया था। मां के अस्पताल में होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बच्ची को थोड़ी दूरी पर उतार दिया।
क्षेत्राधिकारी सहावर श्री दुर्गेश कुमार मिश्र ने प्रकरण के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि बालिका और उसकी मां दोनों स्वस्थ हैं तथा मामले में अब तक अपहरण की पुष्टि नहीं हुई है।