
प्रमुख सचिव जेल श्री मुकेश चन्द गुप्ता ने किया जिला जेल विदिशा का निरीक्षण
..
जेल की सुरक्षा, CCTV निगरानी एवं ऑनलाइन न्यायालयीन पेशी व्यवस्थाओं का लिया जायजा
..
ओवरक्राउडिंग को देखते हुए नवीन जेल भवन के लिए भूमि चयन के निर्देश
..
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जेल विभाग के प्रमुख सचिव श्री मुकेश चन्द गुप्ता ने 26 सितम्बर को जिला जेल विदिशा का भ्रमण कर जेल की सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान केन्द्रीय जेल भोपाल के अधीक्षक भी उपस्थित रहे। प्रमुख सचिव श्री गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था, CCTV निगरानी प्रणाली, बंदियों की ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से न्यायालयीन पेशी, जेल में प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित परिसर में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जेल प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं बंदियों से संबंधित व्यवस्थाओं के संचालन की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
सीसीटीवी एवं ऑनलाइन वीसी व्यवस्था की समीक्षा -
प्रमुख सचिव ने जेल परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, उनके कवरेज तथा निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों की न्यायालयीन पेशी के लिए संचालित ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। वीसी पेशी के सुचारू संचालन के लिए उपलब्ध कंप्यूटर, नेटवर्क एवं अन्य तकनीकी संसाधनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था में तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग महत्वपूर्ण है। CCTV निगरानी व्यवस्था को सतत सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने के साथ ही ऑनलाइन न्यायालयीन कार्यवाही के संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
सुरक्षा व्यवस्था में सतर्कता के निर्देश -
प्रमुख सचिव श्री गुप्ता ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में निरंतर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित जेल परिसर में निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बंदियों के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का भी प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ओवरक्राउडिंग को देखते हुए नवीन जेल भवन के लिए भूमि चयन के निर्देश -
निरीक्षण के दौरान जिला जेल विदिशा में ओवरक्राउडिंग की समस्या को भी संज्ञान में लिया गया। प्रमुख सचिव श्री मुकेश चन्द गुप्ता ने विदिशा में नवीन जेल भवन के निर्माण के लिए उपयुक्त शासकीय भूमि के चयन एवं आवंटन की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूमि चयन की प्रक्रिया में आवश्यक समन्वय करते हुए आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। प्रमुख सचिव के भ्रमण के दौरान जेल प्रशासन द्वारा वर्तमान व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों तथा बंदियों से संबंधित सुविधाओं की जानकारी दी गई। निरीक्षण का उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा बंदियों से संबंधित व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाना रहा। #Vidisha #मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान