
ईद-ए-मिलाद/मिलाद-उन-नबी (हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन) पर्व 2026 के अवसर पर रोहतास जिले में विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आज मल्टीपर्पस हॉल, फजलगंज में जिला पदाधिकारी, रोहतास एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास की संयुक्त अध्यक्षता में ज्वाइंट ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक में अधिकारियों ने विधि-व्यवस्था में प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। बताया गया कि सासाराम नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जुलूस निकाले जाने की सूचना है। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कोई भी जुलूस बिना लाइसेंस के न निकले तथा निर्धारित मार्ग का ही पालन सुनिश्चित कराया जाए। जुलूस के निर्धारित मार्गों पर विशेष निगरानी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी, सोशल मीडिया पर सतत नजर, अफवाहों का त्वरित खंडन तथा आवश्यकता पड़ने पर निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अवैध आग्नेयास्त्र एवं विस्फोटक पदार्थों के संबंध में सूचना संकलन, सघन गश्ती, चेकिंग एवं छापामारी अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
सासाराम, डेहरी एवं बिक्रमगंज अनुमंडल में वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को निगरानी एवं अनुश्रवण के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत है। किसी भी आपात स्थिति अथवा महत्वपूर्ण सूचना के लिए नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06184-226072 / 06184-226093 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अफवाहों के कारण कई बार छोटी घटनाएं भी गंभीर रूप ले लेती हैं, इसलिए सभी लोग अफवाहों से दूर रहें।
ईद-ए-मिलाद का पर्व आपसी सद्भाव, भाईचारे एवं सामाजिक एकता की भावना के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। अफवाहों एवं सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट संदेशों पर विश्वास न करें तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें।
#IPRD
#DistrictAdministration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Aug 25, 2026