समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया...
समस्तीपुर, 27 अगस्त 2026।
माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा आज दिनांक 27 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे बापू सभागार, पटना में “समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान” के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से देखा गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह, डीपीएम जीविका श्री विक्रांत कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं जीविका से जुड़ी लाभुक महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान “मुख्यमंत्री महिला रोजगार” योजना के अंतर्गत महिला लाभुकों को वित्तीय सहायता प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इसके तहत 04 लाख महिला लाभुकों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से प्रथम किस्त तथा 01 लाख महिला लाभुकों को ₹20,000 प्रति लाभुक की दर से द्वितीय किस्त की राशि का अंतरण किया गया। साथ ही, जीविका निधि के माध्यम से 01 लाख लाभुकों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से ऋण वितरण भी किया गया।
जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार द्वारा संचालित योजनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। महिला लाभुकों को उपलब्ध कराई जा रही वित्तीय सहायता से उन्हें स्वरोजगार एवं आजीविका के विभिन्न अवसरों से जुड़ने में सहायता मिलेगी तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की महिला सशक्तीकरण एवं रोजगारपरक योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उपस्थित महिला लाभुकों ने सरकार की इस पहल के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त वित्तीय सहायता का उपयोग वे स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों को बढ़ाने में करेंगी।
#समृद्धमहिलासमृद्धबिहार #महिलासशक्तीकरण #मुख्यमंत्रीमहिलारोजगारयोजना #जीविका #समृद्धबिहार #बिहारसरकार #SamriddhMahilaSamriddhBihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Aug 27, 2026