
प्रदेश का पहला मेगा परीक्षा केंद्र | SA News Chhattisgarh
रायपुर | 22-10-2026: छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं के आयोजन को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रादेशिक स्तर पर पहली बार रायपुर में एक अत्याधुनिक मेगा परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है, जिस पर सरकार लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस परियोजना के शुरुआती चरण में भवन का डिजाइन तैयार कराने के लिए आर्किटेक्ट की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दिया है। जिसका निर्माण लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जाएगा इस मेगा परीक्षा केंद्र में एक साथ लगभग 5000 परीक्षार्थियों के बैठने की बेहद शानदार क्षमता होगी।
इससे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न परीक्षाओं के सुचारू आयोजन में आसानी होगी। इसे ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट मोड की परीक्षाओं के अनुकूल तैयार किया जाएगा। परीक्षा केंद्र भवन के निर्माण के लिए जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें अभ्यर्थियों की पहुंच को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि परीक्षा देने आने वाले छात्रों को केंद्र तक पहुंचने में किसी भी तरह की परेशानी न हो। आने वाले समय में कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से कई परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस नए मेगा परीक्षा केंद्र में कर्मचारी चयन मंडल और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अलावा राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं आयोजित करने की भी सुविधा होगी। इसके लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और संघ लोक सेवा आयोग जैसी संस्थाओं की परीक्षाएं भी कराई जा सकेंगी। इससे विभिन्न भर्ती, प्रवेश और प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के लिए एक ही स्थान पर सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे छात्रों को काफी राहत मिलेगी। #Chhattisgarh #Raipur #MegaExamCenter #CGPSC #SANewsChhattisgarh