*बीडीओ ने पांच गो आश्रय स्थलों का किया औचक निरीक्षण*
पट्टी के गो आश्रय स्थलों पर मिल रही शिकायतों के बीच खंड विकास अधिकारी राजीव पाण्डेय ने विकासखंड क्षेत्र के पांच अस्थाई गो आश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रसोईया, दिलीपपुर, प्रेमधर पट्टी, सांगापट्टी और परानपुर स्थित गो आश्रय स्थलों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ राजीव पाण्डेय ने चारा, पानी, भूसा और मेंटेनेंस रजिस्टर की जांच की। उन्होंने गोवंशों को अपने हाथों से चारा खिलाने के साथ माला पहनाकर तिलक भी लगाया। इस दौरान मिली छोटी-मोटी कमियों को जल्द दूर करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया।
बीडीओ ने गो आश्रय स्थलों में गोवंशों के लिए चारा-पानी समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।