
बच्चों का भविष्य संवारने के संकल्प के साथ शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हेतु प्रयास करें- कलेक्टर श्री विश्वकर्मा
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न
-----
-----
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा जिले में संचालित शासकीय सांदीपनि स्कूलों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सांदीपनि स्कूल भवनों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि बाड़ी, बेगमगंज, सिलवानी तथा उदयपुरा में निर्माणाधीन स्कूलों का कार्य शीघ्र से पूर्ण कराएं। साथ ही जिन स्कूल भवनों का कार्य पूर्ण हो गया है, उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किए जाएं। इसी सत्र में सभी सांदीपनि स्कूलों में कक्षाएं संचालित हो।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सभी सांदीपनि विद्यालयों के गत वर्ष के हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा परिणामों की प्राचार्यो से जानकारी लेते हुए कहा कि सौ फीसदी परीक्षा परिणाम के लिए मेहनत करें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, सांदीपनी स्कूलों के प्राचार्य तथा शिक्षकों से कहा कि बच्चों का जीवन बदलने के संकल्प के साथ सेवाभाव से कार्य करेंगे तो निश्चित ही बेहतर परीक्षा परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने प्राचार्यो को निर्देशित किया कि शिक्षकों की विद्यालय में नियमित और समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने विद्यालयवार स्कूल बसों के संचालन, विद्यालयों में स्वीकृत पद तथा नियुक्त शिक्षकों की संख्या, नवीन फर्नीचर की उपलब्धता आदि की भी जानकारी ली। इसके अतिरिक्त उन्होंने सीएमएचओ को मौसमी बीमारियों के दृष्टिगत विद्यालयों में स्वास्थ्य कैम्प आयोजित कर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए कहा। साथ ही स्कूल परिसर में जलभराव की उपस्थित ना हो तथा साफ-सफाई हो, इसके लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री डीडी रजक, सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh Bhopal Commissioner JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen Department of School Education, Madhya Pradesh