कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने की सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण की समीक्षा
शिकायतकर्ताओं को फोन कर जानी वस्तुस्थिति, संतुष्टिपूर्ण निराकरण नहीं करने पर उदयपुरा तहसीलदार को लगाई फटकार
––––
––––
जिले में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण हो, इसके लिए कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा द्वारा प्रतिदिन सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की तहसीलवार समीक्षा की जाती है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक सह वीडियो कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने तहसीलवार सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयावधि में संतुष्टिपूर्ण निराकरण हेतु निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने उदयपुरा तहसील के कई शिकायतकर्ताओं से सीधे मोबाइल पर बात कर यह जाना कि उनकी समस्याओं का वास्तव में समाधान हुआ है या नहीं। इस दौरान कई शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उनकी शिकायतों का अभी तक संतोषजनक निराकरण नहीं हुआ है। इस पर कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने उदयपुरा तहसीलदार श्री विकास अग्रवाल की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वास्तविक समाधान के किसी भी शिकायत का निराकरण दर्ज न किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन की प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही, गलत जानकारी दर्ज करने या शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बिना शिकायत बंद करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम नागरिकों को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना है तथा सीएम हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच भरोसे का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी प्राथमिकता के साथ सीएम हेल्पलाईन का समयावधि में निराकरण सुनिश्चित कराएं। साथ ही सभी एसडीएम इसकी नियमित मॉनीटरिंग करेंगे। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंडों से एसडीएम, तहसीलदार तथा अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal
2 views | Raisen, Madhya Pradesh | Jul 16, 2026