
सिमेरिया फार्म में शासकीय दर पर उपलब्ध है उन्नत मत्स्य बीज
====
मत्स्य पालकों को रोहू, कतला, मृगल सहित विभिन्न प्रजातियों के मत्स्य बीज उपलब्ध
====
सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने बताया है कि मछली बीज फार्म, सिमेरिया में मत्स्य बीज वितरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। फार्म पर दिनांक 01 सितम्बर 2026 से उन्नत किस्म के रोहू, कतला, मृगल इत्यादि के मत्स्य बीज शासकीय दरों पर उपलब्ध हैं। शासन द्वारा विभाग को इस वर्ष 130.00 करोड़ स्टैंडर्ड फ्राय (Standard Fry) वितरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसकी 100 प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जानी है।
मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभाग द्वारा जिले की सभी मछुआ सहकारी समितियों, मछुआ समूहों, 10 वर्षीय शासकीय पट्टाधारकों तथा विभाग से जुड़े निजी मत्स्य पालकों से अपील की गई है कि वे अपने तालाबों में संचय हेतु मत्स्य बीज अनिवार्य रूप से विभाग से ही क्रय करना सुनिश्चित करें।
मछुआ पोर्टल (NFDP) पर पंजीयन अनिवार्य
जिले की सभी मछुआ सहकारी समितियों एवं समूहों के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि वे अपने सभी सदस्यों के साथ-साथ जिले के सभी मत्स्य पालकों का नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म (NFDP) पर पंजीयन सुनिश्चित करें। किसान पोर्टल की तर्ज पर मछुआ पोर्टल तैयार किया गया है, ताकि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे मत्स्य पालकों तक पहुंचाया जा सके और कोई भी हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
शासन द्वारा मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने के लिए वित्तीय सहायता राशि भी सीधे हितग्राहियों के बैंक खाते में प्रदान की जाएगी। पोर्टल पर पंजीयन के लिए पंजीयनकर्ता का आधार कार्ड, आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर, बैंक पासबुक एवं खाता धारक का अकाउंट नंबर जरूरी होगा।
जिले के सभी मत्स्य पालकों एवं समितियों से अपील की गई है कि वे अपना पंजीयन जल्द से जल्द कराएं, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं एवं वित्तीय सहायता का पूर्ण लाभ प्राप्त हो सके।
#shahdol #शहडोल