मिट्टी गणेश प्रतिमा स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण का दे संदेश
...
माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान के तहत आयोजित हुआ प्रशिक्षण
....
जिले में चलाए जा रहे माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद तथा नर्मदा समग्र के तत्वाधान में विकासखंड सोहागपुर के ग्राम पड़मनिया में सेक्टर स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, नवांकुर सखियों एवं अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मूर्तिकार श्री ऋतिक गुप्ता ने प्रतिभागियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा तैयार करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मिट्टी के चयन, प्रतिमा का आकार देने, विभिन्न अंगों को तैयार करने तथा प्राकृतिक रंगों के उपयोग की जानकारी दी। प्रतिभागियों ने स्वयं मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रषिक्षण कार्यक्रम में बताया गया कि गणेश उत्सव हमारी आस्था और संस्कृति से जुड़ा पर्व है। यदि गणेश प्रतिमाएं मिट्टी से बनाई जाएं तो धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी रूप से समाज तक पहुंचाया जा सकता है। मिट्टी की प्रतिमाएं जल में आसानी से घुल जाती हैं, जिससे जलस्रोतों को होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिलती है।
प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों ने “माटी गणेश-सिद्ध गणेश, हर घर गणेश-घर-घर गणेश” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी गणेश उत्सव में पर्यावरण-अनुकूल मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए प्राकृतिक एवं पारंपरिक तरीके से गणेश उत्सव मनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व कुलगुरु डॉ. मुकेश तिवारी, जिला समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद श्री विवेक पांडे, विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रिया सिंह बघेल, उप सरपंच पड़मनिया श्री अनिल साहू, नवांकुर संस्था से श्री सनत त्रिपाठी एवं श्री राघवेंद्र शुक्ला सहित नवांकुर सखियां एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#शहडोल
Shahdol, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026