माटी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान के तहत मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण
===
माटी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकासखंड बुढ़ार स्थित प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ गणेशोत्सव को प्रकृति के अनुकूल मनाने के लिए आमजन को प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में माटीकार एवं प्रशिक्षक श्री पिंटू वर्मन ने प्रतिभागियों को मिट्टी के चयन से लेकर भगवान गणेश की प्रतिमा को आकार देने तथा आकर्षक स्वरूप प्रदान करने तक की विभिन्न बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने स्वयं मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाकर निर्माण की प्रक्रिया को समझा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (CMCLDP) के छात्र-छात्राओं, प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं परामर्शदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे माटी के गणेश बनाकर घर-घर स्थापित करेंगे तथा गणेशोत्सव के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना हमारी परंपरा एवं संस्कृति को संरक्षित करने के साथ जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री विवेक पांडेय, परामर्शदाता श्री कैलाश पांडे, श्रीमती पूर्णिमा मुखर्जी, श्रीमती दीप्ति तिवारी, श्रीमती साक्षी पांडे, श्री आनंद यादव, श्री संतोष साहू एवं श्री विकास कुशवाहा सहित CMCLDP के विद्यार्थी, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण-अनुकूल गणेशोत्सव को बढ़ावा देने तथा समाज में “माटी के गणेश—पर्यावरण का संदेश” की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक परिवारों को माटी के गणेश स्थापित करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
#शहडोल #shahdol
73 views | Shahdol, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026