
दीपावली सिर्फ एक त्योहार नहीं है, यह हमारी संस्कृति की आत्मा है। यह पर्व हमें सिखाता है कि चाहे अंधेरा कितना भी गहरा क्यों न हो, एक छोटा सा दीया उसे मिटाने के लिए काफी है।
पौराणिक मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटे थे। अयोध्यावासियों ने उनके स्वागत में पूरी नगरी को दीपों से सजा दिया था। तभी से यह परंपरा चली आ रही है। इसी दिन भगवान श्री गणेश और मां लक्ष्मी की पूजा का भी विशेष महत्व है। धन की देवी मां लक्ष्मी से सुख-समृद्धि की कामना की जाती है, तो विघ्नहर्ता गणेश जी से जीवन के हर विघ्न दूर करने की प्रार्थना की जाती है।
लेकिन दीपावली का असली संदेश सिर्फ घरों को सजाना नहीं है। दीपावली का असली संदेश है - मन के अंधेरे को दूर करना। ईर्ष्या, द्वेष, नफरत और अहंकार का अंधेरा जब तक मन में रहेगा, तब तक बाहर के लाख दीप भी जीवन को रोशन नहीं कर सकते। इसलिए इस दीपावली एक दीया अपने मन में भी जलाएं। किसी गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना, किसी नाराज रिश्तेदार को मना लेना, यही सच्ची दीपावली है।
आज के समय में दीपावली का रूप थोड़ा बदल गया है। पहले मिट्टी के दीये, घर के बने पकवान और अपनों से मिलना ही दीपावली थी। अब बाजारवाद, महंगे पटाखे और दिखावा बढ़ गया है। पटाखों के धुएं से हम अपने ही बच्चों का भविष्य अंधेरा कर रहे हैं। हमें सोचना होगा कि क्या धुएं और शोर वाली दीपावली ही हमारी परंपरा थी? नहीं। हमारी परंपरा तो दीयों की रोशनी, साफ-सफाई और प्रेम की थी। इस बार दीपावली मनाएं तो एक संकल्प लें। कुम्हार के बनाए मिट्टी के दीये खरीदें, स्थानीय दुकानदारों से सामान लें, पटाखों पर खर्च होने वाला पैसा किसी जरूरतमंद की मदद में लगाएं। यही हमारे देश की असली समृद्धि है।
आइए, इस दीपावली हम सिर्फ घर नहीं, रिश्ते भी रोशन करें। अपने बड़ों का आशीर्वाद लें, छोटों को प्यार दें और पूरे समाज में प्रेम का दीप जलाएं। *आपको और आपके पूरे परिवार को दीपावली की हार्दिक बधाई, ढेर सारी शुभकामनाएं।*
हरि ओम प्रकाश वरिष्ठ पत्रकार
Basti, Basti | Nov 7, 2026