
कोर्ट में भटकता मिला सातवीं का छात्र, जांच में खुलासा हुआ स्कूल से नाम काटने का
पढ़ाई के समय अदालत परिसर में घूम रहे एक छात्र को देखकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने जब उससे पूछताछ की तो चौंकाने वाला मामला सामने आया. वह सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र विद्यालय से बाहर हो चुका था और आठवीं में उसका नामांकन तक नहीं कराया गया था. इस मामले की जानकारी मिलते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने हस्तक्षेप करते हुए छात्र के दोबारा स्कूल पहुंचने की प्रक्रिया शुरू करवाई. जानकारी के अनुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविन्द कुमार व्यवहार न्यायालय स्थित ई-सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने पढ़ाई के समय एक स्कूली छात्र को अदालत परिसर में घूमते देखा। पूछताछ में छात्र की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मसूदा गांव निवासी विक्की कुमार के रूप में हुई. पूछताछ के दौरान छात्र ने बताया कि वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय वारिसलीगंज में सातवीं कक्षा में पढ़ता था. उसका नाम विद्यालय से काट दिया गया है और आठवीं कक्षा में नामांकन नहीं कराया गया. छात्र ने सचिव को बताया कि विद्यालय जाने पर उसे घर वापस भेज दिया जाता था.
Nawada, Nawada | Aug 22, 2026