धान की कटाई करने खेत गया किसान नहीं लौटा घर, सांप के काटने से मौत की आशंका; दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मुंशीगंज (अमेठी)। भेंटुआ ब्लॉक के सरुवावां कुकुरमापुर गांव में मंगलवार सुबह खेत में धान की कटाई करने गए किसान नन्दलाल यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, उन्हें सांप ने काट लिया था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के भाई रामप्यारे यादव ने बताया कि नन्दलाल सुबह धान काटने खेत गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटे तो उनके बेटे राजकुमार (7) को देखने के लिए भेजा गया। खेत में नन्दलाल अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजन उन्हें घर लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
नन्दलाल की पत्नी का सात वर्ष पहले निधन हो चुका है। उनके परिवार में 16 वर्षीय बेटी खुशी और सात वर्षीय बेटा राजकुमार हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परतोष चौकी प्रभारी विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि सांप काटने की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
Amethi, Amethi | Nov 3, 2026