
शिक्षिका के निलंबन और 09 दिन में बहाली पर उठे सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग निदेशक बेसिक शिक्षा को भेजा शिकायती पत्र, बीएसए समेत संबंधित अधिकारियों की भूमिका जांचने की मांग
हरदोई। विकास खण्ड सण्डीला में तैनात सहायक अध्यापिका लक्ष्मी ठाकुर के निलंबन और महज 09 दिन बाद बहाली किए जाने का मामला अब जांच की मांग तक पहुंच गया है। प्रकरण में विभागीय कार्यवाही की पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुपालन पर सवाल उठाते हुए अधिवक्ता विमलेश शर्मा ने बेसिक शिक्षा विभाग के निदेशक को शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में उपलब्ध विभागीय पत्रों का हवाला देते हुए बताया गया है कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, हरदोई की ओर से पत्रांक बेसिक/21350-56/2026-27 दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के माध्यम से शिक्षिका के विरुद्ध निलंबन संबंधी कार्रवाई की गई थी। इसके बाद 5 नवंबर 2026 को कार्यालय पत्रांक 22696-703 के जरिए उनकी बहाली का आदेश जारी कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने नौ दिनों के भीतर निलंबन से बहाली तक की प्रक्रिया पूरी होने के आधार और जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
अधिवक्ता विमलेश शर्मा ने शिकायत में मांग की है कि इस अवधि में जांच अधिकारी की नियुक्ति, जांच की वास्तविक प्रक्रिया, साक्ष्य संकलन, संबंधित पक्षों के बयान और जांच आख्या का परीक्षण कराया जाए। यह भी स्पष्ट किया जाए कि जांच अधिकारी ने संबंधित विद्यालय में स्वयं पहुंचकर निरीक्षण किया था या कार्यालय में उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर ही रिपोर्ट तैयार की गई।शिकायत में बीएलओ ड्यूटी से जुड़ी कथित लापरवाही और शिकायतों की जांच प्रक्रिया को भी जांच के दायरे में रखने की मांग की गई है। साथ ही 5 नवंबर को जारी बहाली आदेश से पहले तैयार की गई नोटशीट, जांच रिपोर्ट, प्रस्ताव और सक्षम अधिकारी के अनुमोदन सहित मूल अभिलेखों की पड़ताल कराने को कहा गया है।
शिकायतकर्ता ने निलंबन अवधि के दौरान शिक्षिका की विद्यालय में उपस्थिति, बायोमेट्रिक रिकॉर्ड, उपस्थिति पंजिका, शिक्षण कार्य और वेतन भुगतान की स्थिति की भी जांच कराने की मांग उठाई है। इसके अतिरिक्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी सण्डीला और संबंधित जांच अधिकारी की भूमिका की समीक्षा करने की मांग की है। अधिवक्ता ने यह भी बताया है कि संबंधित अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां प्राप्त करने के लिए सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने जांच पूरी होने तक प्रकरण से जुड़े मूल अभिलेखों, नोटशीट, डिजिटल रिकॉर्ड और उपस्थिति पंजिका को सुरक्षित रखने की मांग भी की है। शिकायत की प्रतिलिपि जिलाधिकारी हरदोई, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), लखनऊ मंडल और मुख्य विकास अधिकारी हरदोई को भी भेजी गई है।
Hardoi, Hardoi | Nov 27, 2026