
*कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में 25 आवेदन प्राप्त, कलेक्टर श्रीमती माथुर ने संबंधित अधिकारियों को निराकरण के दिए निर्देश*
*आलीराजपुर, 17 नवंबर 2026।* प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई कलेक्ट्रेट कार्यालय के जनसुनवाई कक्ष में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्रीमती माथुर ने प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस जनसुनवाई में ग्राम खण्डाला निवासी श्री सबलसिंह पिता गलसिंह ने अपनी दिवंगत पत्नी का बकाया वेतन दिलाने संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि मेरी पत्नी ईजीएस शाला, तालाब फलिया खण्डाला में रसोईया सहायिका के पद पर कार्यरत थीं, जिसका वर्ष 2025 में निधन हो गया था। मृत्यु से पूर्व का वेतन अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। मेरे द्वारा इस संबंध में कई बार आवेदन देने तथा विभाग द्वारा मांगी गई आवश्यक कागजी कार्यवाही पूर्ण करने के बावजूद भुगतान आज दिनांक तक नहीं हुआ। मेरी पत्नि के बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान करवाया जाए ।
इसी प्रकार कठ्ठीवाड़ा विकासखंड के राधा, श्याम, सीता, दुर्गा, गुरु कृपा, गणेश एवं राम स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन बनाने के कार्य का लंबित मानदेय एवं खाद्यान्न सामग्री की राशि का भुगतान नहीं होने संबंधी आवेदन दिया। उन्होने लंबित भुगतान शीघ्र कराने तथा वर्तमान में मिल रहे 4 हजार रुपये के मानदेय में वृद्धि करवाने का अनुरोध किया। । कलेक्टर श्रीमती माथुर ने दोनों आवेदनों पर संबंधित विभागों को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अतिक्रमण, भूमि पर कब्जा, नवीन आंगनवाड़ी भवन निर्माण, हैंडपंप खनन, आंगनवाड़ी नियुक्ति,कपिलधारा कूप निर्माण, बंटवारा एवं सीमांकन सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आकांक्षा अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#जनसुनवाई
#कलेक्टर
#आलीराजपुर