
शिक्षक दिवस पर लखीसराय में शिक्षक सम्मान समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक व विद्यालय हुए सम्मानित
लखीसराय। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह के दौरान जिला पदाधिकारी ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान देने वाले चयनित शिक्षकों एवं विद्यालयों को सम्मानित किया। शिक्षकों के बेहतर कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रधानाध्यापक, सर्वश्रेष्ठ शिक्षक (अध्यापन), सर्वश्रेष्ठ शिक्षक (नवाचार), सर्वश्रेष्ठ शिक्षक (PBL), सर्वश्रेष्ठ स्वच्छता व्यवस्था, सर्वश्रेष्ठ खेल-कूद व्यवस्था तथा सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं की उपस्थिति जैसी श्रेणियों में चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने शिक्षकों के समर्पण, नवाचार और विद्यालयों में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर विद्यालयी वातावरण के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे सम्मान समारोह शिक्षकों के प्रयासों को पहचान देने के साथ उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
समारोह में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, संभाग प्रभारी अमित कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।