
दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के लिए 21 से 25 सितंबर तक लगेंगे परीक्षण शिविर
===
निःशुल्क सहायक उपकरण, कैलिपर्स एवं कृत्रिम अंग मिलेंगे
===
भारत सरकार की एडिप एवं वयोश्री योजना के अंतर्गत जिले के पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण, कैलिपर्स एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए जिले के विभिन्न विकासखंडों में परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर आवश्यकतानुसार उपकरणों के लिए माप लिया जाएगा तथा कृत्रिम हाथ-पैर एवं कैलिपर्स के फिटमेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविरों का आयोजन 21 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक निर्धारित विकासखंड मुख्यालयों में किया जाएगा। 21 सितंबर को सोहागपुर, 22 सितंबर को गोहपारू, 23 सितंबर को जयसिंहनगर, 24 सितंबर को ब्यौहारी तथा 25 सितंबर को बुढार में शिविर आयोजित होगा। सभी शिविर संबंधित जनपद पंचायत मुख्यालय में लगाए जाएंगे।
शिविर में पात्र दिव्यांगजनों का ऑन-द-स्पॉट चिन्हांकन किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण, कैलिपर्स तथा कृत्रिम हाथ-पैर के लिए परीक्षण एवं माप लिया जाएगा। पुनर्वास विशेषज्ञों एवं तकनीकी टीम द्वारा आवश्यकतानुसार उपकरणों का फिटमेंट भी किया जाएगा।
पात्र दिव्यांगजनों को शिविर में यूडीआईडी कार्ड, आय प्रमाण-पत्र अथवा बीपीएल राशन कार्ड तथा आधार कार्ड साथ लाना होगा। अन्य सहायक उपकरणों के लिए दिव्यांगता 40 प्रतिशत या उससे अधिक तथा मोट्राइज्ड ट्रायसाइकिल के लिए 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता आवश्यक है। एडिप योजना के तहत ऐसे दिव्यांगजन, जिन्होंने समान प्रयोजन के लिए पिछले 3 वर्षों में किसी स्रोत से उपकरण प्राप्त नहीं किया है,
योजना का लाभ ले सकते हैं। मोट्राइज्ड ट्रायसाइकिल एवं स्मार्ट फोन के लिए यह अवधि 5 वर्ष निर्धारित है।
#शहडोल #shahdol