
दुखद: नहीं रहे यूकेडी के पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, 66 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा…..
नैनीताल। उत्तराखंड की राजनीति और राज्य आंदोलन से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। नैनीताल के पूर्व विधायक और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल डॉ. नारायण सिंह जंतवाल का 66 वर्ष की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से नैनीताल से लेकर पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। राज्य आंदोलनकारियों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. नारायण सिंह जंतवाल नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनका निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को नैनीताल लाया जा रहा है। वह अपने पीछे पत्नी सावित्री जंतवाल और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी कुमाऊं विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं।
डॉ. नारायण सिंह जंतवाल उत्तराखंड राज्य गठन के बाद वर्ष 2002 में हुए पहले विधानसभा चुनाव में नैनीताल सीट से विधायक चुने गए थे। वह उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। प्रदेश की क्षेत्रीय राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ था। वह डीएसबी परिसर छात्रसंघ में उप सचिव, सचिव और अध्यक्ष रहे। इसके बाद उन्होंने छात्र महासंघ के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली।
अलग उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर चले आंदोलन में डॉ. जंतवाल ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। वह आंदोलन के प्रमुख नेतृत्वकर्ताओं में शामिल रहे। 'नशा नहीं, रोजगार दो' और वनाधिकार आंदोलन जैसे जन आंदोलनों में भी उनकी भागीदारी रही। राज्य निर्माण के संघर्ष के दौरान उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।
वह उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष रहे और बाद में पार्टी के संरक्षक की जिम्मेदारी भी संभाली। उत्तराखंड के हितों, क्षेत्रीय अस्मिता और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को लेकर वह लगातार सक्रिय रहे। गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाने की मांग भी उनके प्रमुख मुद्दों में शामिल रही।
हाल ही में उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर निकाली गई यात्रा में भी उन्होंने भाग लिया था। इस दौरान वह गैरसैंण, चौखुटिया और द्वाराहाट सहित कई क्षेत्रों में पहुंचे थे।
डॉ. नारायण सिंह जंतवाल का निधन उत्तराखंड की राजनीति और राज्य आंदोलन से जुड़े लोगों के लिए बड़ी क्षति है। अलग राज्य के निर्माण के संघर्ष में उनके योगदान और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर उनकी सक्रियता को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
#NarayanSinghJantwal #UttarakhandNews #NainitalNews #UttarakhandPolitics #UttarakhandKrantiDal #UttarakhandStateMovement #उत्तराखंड #नैनीताल #नारायणसिंहजंतवाल #उत्तराखंडराज्यआंदोलन