
महावीरी झंडा शांति और भाईचारे के साथ मनाएं, प्रशासन का सहयोग करें: डीएम
बेतिया। महावीरी झंडा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में जिलास्तरीय सदस्यों के अलावा अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय समिति के सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।
डीएम ने कहा कि महावीरी झंडा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव और आपसी विश्वास का प्रतीक भी है। उन्होंने सभी से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
डीएम ने स्पष्ट किया कि डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जुलूस के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा और निर्धारित मार्ग का ही पालन करना होगा। सोशल मीडिया पर अफवाह व भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने तथा ऐसी किसी सूचना की तत्काल प्रशासन को जानकारी देने का निर्देश दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम और पुलिस अधीक्षक बगहा राजेश कुमार ने भी लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन और आमजन के सहयोग से पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराया जाएगा।