Bihar news : धुमनगर बड़ा नहर 32RD पुल पर फिर हादसा, नहर में छलांग लगाने के बाद 22 वर्षीय युवक लापता।बेतिया-नौतन मुख्य पथ स्थित नौतन प्रखंड धुमनगर बड़ा नगर 32RD पुल के समीप एक सप्ताह के अंदर नहर में डूबने की दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के लोगों में चिंता और दहशत का माहौल है। तीन दिन पूर्व इसी नहर में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई थी। उस घटना को लेकर लोग अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाए थे कि रविवार को एक और युवक ने नहर में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद से युवक लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई है।लापता युवक की पहचान नौतन थाना क्षेत्र धुमनगर अंसारी टोला निवासी हसमुल्लाह खान के 22 वर्षीय पुत्र मासूम खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मासूम खान नहर के समीप पहुंचा और अचानक उसमें छलांग लगा दी। इसके बाद वह पानी में दिखाई नहीं दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने अपने स्तर से भी युवक की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।परिजनों के अनुसार, मासूम के घर में उसकी बूढ़ी मां रहती हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य विदेश में रहते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। नौतन थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस बल को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। वहीं, एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और लापता युवक की तलाश के लिए नहर में खोज अभियान शुरू कर दिया गया है।एक ही सप्ताह के अंदर नहर में डूबने की दो घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने नहर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने की मांग की है।#DhumNagar #Bettiah #Nautan #WestChamparan #Bihar #CanalAccident #YouthMissing #SDRF #Police #RescueOperation #DrowningIncident #BreakingNews #LocalNews #BiharNews