
अभियुक्तों की गिरफ्तारी और विवेचना में लापरवाही पर एसपी का सख्त एक्शन, उपनिरीक्षक निलंबित !
#संतकबीरनगर। अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतना कोतवाली खलीलाबाद में तैनात एक उपनिरीक्षक को भारी पड़ गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता पाए जाने पर उपनिरीक्षक विनय कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की ओर से अपराध नियंत्रण, अपराधियों की निगरानी, प्रभावी बीट पुलिसिंग और संवेदनशील अपराधों की रोकथाम को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद कोतवाली खलीलाबाद में पंजीकृत एक मुकदमे से संबंधित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और विवेचना के निस्तारण में अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने उपनिरीक्षक विनय कुमार पाण्डेय के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। निलंबन आदेश में कहा गया है कि उच्चाधिकारियों के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अभियुक्तों की गिरफ्तारी और विवेचना के निस्तारण में सार्थक प्रयास नहीं किया गया, जो कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता को दर्शाता है।
निलंबन अवधि में उपनिरीक्षक को पुलिस लाइन संतकबीरनगर से संबद्ध किया गया है। साथ ही सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है। उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही भी प्रचलित की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता से करें, अन्यथा लापरवाही मिलने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।