
दिवंगत शिक्षक के परिवार को टीचर्स सेल्फ केयर टीम देगी करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद
टीम के सदस्यों ने घर पहुंचकर किया दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन, परिजनों को दी सांत्वना
उरई (जालौन)। दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में टीचर्स सेल्फ केयर टीम ने एक और पहल की है। टीम जनपद के दिवंगत शिक्षक स्वर्गीय बृजेंद्र सिंह राजपूत के परिवार को करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद उपलब्ध कराएगी। इस संबंध में टीम के सदस्यों ने उनके आवास पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया और परिजनों से जरूरी कागजात प्राप्त किए।
टीम के जिला संरक्षक शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि टीचर्स सेल्फ केयर टीम शिक्षा विभाग में कार्यरत नियमित कर्मचारियों के लिए प्रयागराज से संचालित संस्था है। इसकी स्थापना 26 जुलाई 2020 को हुई थी। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद आर्य, महामंत्री सुधेश पाण्डेय और कोषाध्यक्ष संजीव रजक हैं।
उन्होंने बताया कि संस्था अब तक 656 दिवंगत सदस्यों के परिवारों को 297 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा चुकी है। इसी क्रम में दिवंगत शिक्षक बृजेंद्र सिंह राजपूत के परिवार को भी लगभग 50 लाख रुपये की मदद देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान टीम के सदस्यों ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस पहल का उद्देश्य दिवंगत शिक्षक के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करना है, ताकि कठिन समय में उन्हें सहारा मिल सके।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष उदयकरण राजपूत, जिला सह-संयोजक सौरभ निरंजन, सौरभ श्रीवास्तव, गोविंद सिंह, रोहित कुमार, राघवेन्द्र दीक्षित, जिला संरक्षक शशिभूषण मिश्रा सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Oct 15, 2026