जालौन: कक्षा 7 की छात्रा पल्लवी बनीं एक दिन की एसपी, सुनीं फरियादियों की समस्याएं
मिशन शक्ति के तहत पल्लवी को मिली सांकेतिक पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी, बोलीं- पढ़-लिखकर वकील बनना है सपना
जालौन। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जालौन पुलिस ने अनूठी पहल करते हुए कक्षा सात की मेधावी छात्रा पल्लवी को एक दिन के लिए सांकेतिक पुलिस अधीक्षक बनाया। इस दौरान छात्रा ने एसपी कार्यालय में जनसुनवाई की और पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में कस्तूरबा आवासीय विद्यालय, ग्राम गढ़र मड़ौरा की छात्रा पल्लवी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही मिशन शक्ति केंद्र, साइबर क्राइम सेल और महिला सम्मान प्रकोष्ठ का निरीक्षण किया। महिला हेल्प डेस्क के रजिस्टर को देखने के साथ पीड़िताओं से बातचीत करने के तरीके की जानकारी भी ली।
‘पुलिस की जिम्मेदारी का एहसास हुआ’: एक दिन की एसपी बनने के अनुभव को साझा करते हुए पल्लवी ने कहा कि उन्हें एहसास हुआ कि पुलिस की नौकरी कितनी जिम्मेदारी भरी होती है। मिशन शक्ति ने गांव की लड़कियों को बड़े सपने देखने की हिम्मत दी है। उन्होंने आगे पढ़-लिखकर वकील बनने की इच्छा जताई।
एसपी बोले- बेटियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करना उद्देश्य: एसपी सुरेश चंद्र रावत ने छात्रा को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उद्देश्य सिर्फ एक दिन के लिए पद देना नहीं, बल्कि बेटियों के भीतर छिपी नेतृत्व क्षमता को सामने लाना है। जब एक बेटी वर्दी पहनती है, तो हजारों बेटियों को प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय सदानन्द सहित अन्य अधिकारीगण एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Oct 15, 2026