
चार पंचायतों के गांवों को दिनारा थाना से हटाकर कोचस में शामिल करने की कवायद तेज
रोहतास के कोचस प्रखंड की नौवाँ, नरवर, चिताव और कंजर पंचायत के कुछ गांवों को दिनारा थाना क्षेत्र से हटाकर कोचस थाना क्षेत्र में शामिल करने की कवायद तेज हो गई है। मामले को लेकर करगहर विधायक बशिष्ठ सिंह ने शनिवार को रोहतास एसपी मिस्टर राज से मुलाकात कर पहल की। विधायक ने एसपी को पत्र सौंपते हुए संबंधित गांवों को कोचस थाना क्षेत्र में शामिल करने की मांग रखी।
दरअसल, इन पंचायतों का प्रखंड और अंचल मुख्यालय कोचस में है, लेकिन वर्तमान में पुलिस संबंधी कार्यों के लिए ग्रामीणों को दिनारा थाना जाना पड़ता है। इससे उन्हें काफी दूरी तय करनी पड़ती है। विधायक के मुताबिक, संबंधित गांवों से कोचस थाना की दूरी महज दो से तीन किलोमीटर है, जबकि दिनारा थाना काफी दूर पड़ता है। थाना क्षेत्र में बदलाव होने से ग्रामीणों को पुलिस संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
विधायक ने बताया कि इस मामले को उन्होंने बिहार विधानसभा में भी उठाया था। उस समय तत्कालीन गृह मंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से मामले को जल्द पूरा कराने का आश्वासन मिला था। अब प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एसपी से आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने की पहल की गई है। एसपी मिस्टर राज ने भी जल्द फाइल आगे बढ़ाकर जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का भरोसा दिया है।