
70 करोड़ के नकली सिक्के बाजार में खपाए, मोहाली के जीरकपुर में नेटवर्क का खुलासा; सरगना समेत पांच गिरफ्तार
जीरकपुर से संचालित नकली सिक्कों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। दावा है कि 70 करोड़ से अधिक के 20 रुपये के नकली सिक्के बाजार में अब तक खपाए जा चुके हैं।
इस मामले में सहारनपुर पुलिस ने जीरकपुर निवासी गिरोह के सरगना समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह हरियाणा के सोनीपत में मशीनें लगाकर 20 रुपये के नकली सिक्के तैयार करता था और उन्हें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और हिसाब-किताब के रजिस्टरों के जरिए गिरोह की पूरी सप्लाई चेन खंगाल रही है। सहारनपुर पुलिस के अनुसार बाजार में नकली सिक्के चलने की सूचना के बाद शहर कोतवाली, एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया था।
जांच की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस गिरोह तक पहुंची और पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। रविवार को पुलिस लाइन में एसएसपी अभिनंदन सिंह ने मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने अब तक 70 करोड़ रुपये से अधिक के नकली सिक्के बाजार में खपाने का दावा किया है।
#zirakpur #zirakpurnews #panchkulasocialmedia