पंचकूला में बिना नंबर प्लेट, छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट व ट्रिपलिंग पर पुलिस की सख्ती, 15 दिन में 1528 चालान, 137 वाहन इंपाउंड
हुड़दंगियों के लिए पंचकूला में कोई जगह नहीं, वाहन चालक यातायात नियमों की पालना करें, सड़क पर सभ्यता का परिचय दें: पुलिस कमिश्नर पंकज नैन
पंचकूला/ 16 सितंबर: पंचकूला पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी दिशा में पुलिस कमिश्नर पंचकूला आईपीएस पंकज नैन द्वारा बिना नंबर प्लेट, छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट तथा दुपहिया वाहनों पर ट्रिपलिंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया था।
पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार ट्रैफिक पुलिस के साथ थाना/चौकी की टीमों और राइडरों को नाकाबंदी कर ऐसे वाहनों की चेकिंग करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह व डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा 1 से 15 सितंबर तक जिले में नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की गई। अभियान के तहत इन 15 दिनों में बिना नंबर प्लेट, छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट तथा ट्रिपलिंग सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1528 चालान किए गए हैं, जिनमें से 137 वाहन इंपाउंड किए गए हैं। पुलिस द्वारा प्रतिदिन 100 से अधिक वाहनों के चालान किए गए हैं। मुख्य मार्गों, बाजारों व चौक-चौराहों पर चेकिंग लगातार जारी है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बताया कि हमने जिले भर में नाकाबंदी बढ़ा दी है। ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ हर थाने की राइडर टीम को भी बिना नंबर वाले वाहनों पर कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए। क्योंकि जांच के दौरान यह भी अक्सर सामने आता है कि चोरी, स्नैचिंग जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों द्वारा बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहन प्रयोग किया जाता है ताकि उनकी पहचान छिप सके। इसलिए ऐसे वाहनों पर सख्ती का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि बिना नंबर प्लेट वाहन न चलाएं। नंबर प्लेट को टेप, मिट्टी या किसी अन्य वस्तु से न छिपाएं और न ही उसके साथ छेड़छाड़ करें। दुपहिया वाहनों पर ट्रिपलिंग करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि हुड़दंगियों के लिए पंचकूला में कोई जगह नहीं है। सभी वाहन चालक यातायात नियमों की पालना करें, सड़क पर सभ्यता का परिचय दें तथा अपने और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia