50 लाख की साइबर ठगी मामले में गया से मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 34 लाख रुपये होल्ड पर
मुजफ्फरपुर पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। सोलर प्लेट और अन्य सामग्री सस्ते दाम पर देने का झांसा देकर 50 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर को पुलिस ने गया जिले से दबोच लिया है।
बरूराज थाना क्षेत्र के रहने वाले विजय ठाकुर ने साइबर थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें आधे दाम पर सोलर प्लेट उपलब्ध कराने का लालच देकर 50 लाख रुपये ठग लिए गए। इस पर साइबर थाना कांड सं0-109/26 दर्ज किया गया।
विशेष टीम ने की कार्रवाई:
एसएसपी मुजफ्फरपुर के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर गयाजी जिला अंतर्गत महकार थाना क्षेत्र के रहने वाले विकाश कुमार को 12.11.2026 को अहले सुबह गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल और चेकबुक मिला है। पुलिस की मुस्तैदी से ठगी गई कुल राशि में से 34 लाख रुपये को होल्ड करा लिया गया है, जिसे जल्द ही पीड़ित को वापस किया जाएगा। पुलिस अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।